
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : दिनांक 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिनांक 06.10.2026 को ग्राम झुरानदी विकासखंड छुईखदान में शिविर का आयोजन किया गया जहां समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार उपस्थित रहीं वहीं अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, दिनेश वर्मा, नवनीत जैन, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, समाज कल्याण के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों के द्वारा समाज कल्याण विभाग की ओर से 04 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकल, 01 हितग्राही को हस्तचलित ट्राइसाइकल, 01 हितग्राही को व्हीलचेयर, 02 हितग्राही को श्रवण यंत्र तथा 07 हितग्राहियों को छड़ी प्रदान किया गया। सहायक उपकरण प्राप्त होने पर हितग्राहियों को दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा वे अपने कार्यों को अधिक सहजता से संपादित कर सकेंगे। शिविर के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा पात्र हितग्राहियों को संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की गई।



