
आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम जालबांधा में आयोजित शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 05.10.2026 को ग्राम जालबांधा में आयोजित शिविर में खैरागढ़ जनपद अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, सभापति शैलेन्द्र मिश्रा, समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। शिविर में जालबांधा निवासी राम बंजारे एवं भोथी निवासी आसोदास बंजारे को छड़ी तथा जालबांधा निवासी चैतराम बंजारे को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। सहायक उपकरण प्राप्त होने पर हितग्राहियों को दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा वे अपने कार्यों को अधिक सहजता से संपादित कर सकेंगे।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा पात्र हितग्राहियों को संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की गई।



