
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 2 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर खैरागढ़ में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया।
कार्यक्रम में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति दिनेश साहू, जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान के दौरान सभी ने कलेक्टोरेट परिसर में श्रमदान करते हुए विभिन्न स्थानों की साफ-सफाई की। परिसर में इधर-उधर पड़े कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया तथा आसपास के क्षेत्र की भी सफाई की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छ परिसर बनाए रखने के साथ सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छता, सादगी और जनभागीदारी के विचारों को स्मरण करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता से जुड़ा विषय है। अपने घर, कार्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गांधी जयंती पर कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्वच्छता को व्यवहार में अपनाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।



