जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने लिया सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संकल्प
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 01 अक्टूबर 2026:
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरईपतेरा में सेवा संकल्प एवं आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य हेमलता मंडावी उपस्थित रहीं।
आयोजन में जनपद पंचायत सदस्य लीला पवार मेरावी, ग्राम पंचायत सरईपतेरा के सरपंच बनसलाल साहू, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शकुन यादव, महिला जिला उपाध्यक्ष ज्योति पटेल, पंचगणों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों की गरिमामयी मौजूदगी रही।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा भावना, स्वच्छता, आपसी सहयोग और जनभागीदारी को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। गांव के सर्वांगीण विकास में शासन-प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर छोटे-छोटे सेवा कार्यों में योगदान देकर गांव को स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित किया गया। साथ ही उन्हें स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक एकजुटता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने तथा गांव में स्वच्छता व सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन जनभागीदारी और सेवा भावना को निरंतर आगे बढ़ाने के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।



