राज नेशनल न्यूज़ गंडई:
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के तत्वावधान में ‘हिंदी पखवाड़ा’ के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय हिंदी प्रश्न मंच प्रतियोगिता में पीएम श्री सेजेस गंडई के कक्षा 12वीं के छात्र ऋषभ कुंजाम और जय जंघेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चतुर्थ स्थान (सांत्वना पुरस्कार) हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न हायर सेकेंडरी विद्यालयों की कुल 18 टीमों ने हिस्सा लिया था। पीएम श्री सेजेस गंडई के छात्रों ने व्याख्याता रामकुमार केंवट के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस स्पर्धा में मुख्य रूप से हिंदी साहित्य, रस, छंद, अलंकार एवं हिंदी व्याकरण से संबंधित ज्ञानवर्धक और कठिन प्रश्न पूछे गए थे।
कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉक्टर लवली शर्मा ने प्रतिभागी छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के पश्चात सभी छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें विभिन्न रोजगार-उन्मुख पाठ्यक्रमों के विषय में उपयोगी जानकारी दी गई।
छात्रों की इस उपलब्धि पर संस्था के प्राचार्य मुकेश शुक्ला, मुकेश कुमार यादव एवं समस्त विद्यालय परिवार ने जय जंघेल और ऋषभ कुंजाम को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


