
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / गंडई : थाना गंडई पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम नर्मदा में सट्टा खेलाते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, सट्टा पट्टी, पेन, नगदी रकम और ऑनलाइन सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं। मामले में नवीन छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नर्मदा में दो व्यक्ति हार-जीत पर रुपए-पैसे का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिखकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना गंडई से पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके से मिर्जा इकबाल पिता स्व. इब्राहिम बेग, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम नर्मदा थाना गंडई तथा अकरम बेग मिर्जा पिता स्व. चांद बेग मिर्जा, उम्र 53 वर्ष, निवासी खैरानवापारा थाना छुईखदान को सट्टा लिखते और खेलाते पकड़ा गया।
मोबाइल में ऑनलाइन सट्टे का हिसाब मिला
तलाशी के दौरान मिर्जा इकबाल के मोबाइल में व्हाट्सऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलाए जाने का 46,035 रुपए का हिसाब मिला। इसके अलावा फोन-पे पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से संबंधित 1,13,900 रुपए के चार स्क्रीनशॉट भी पुलिस ने जब्त किए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
मिर्जा इकबाल के खिलाफ थाना गंडई में अपराध क्रमांक 247/26, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं दूसरे आरोपी अकरम बेग मिर्जा के कब्जे से दो नग सट्टा-पट्टी, एक नीला डॉट पेन और 550 रुपए नगद बरामद किए गए। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 248/26, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



