राज नेशनल न्यूज़ गंडई : वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 25 सितंबर, शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर गंडई में सुबह 11 बजे सामूहिक गायन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पूर्व छात्र और नगरवासी एक साथ, एक समय और एक स्वर में पूर्ण वंदे मातरम् का गायन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रदेश के 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में निर्धारित समय पर एक साथ पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इस आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी भी की जा रही है।
आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की भावना को याद करना है। इसे लेकर विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। आयोजन में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आसपास के स्कूलों और महाविद्यालयों से भी विद्यार्थियों के साथ शामिल होने की अपील की जा रही है।
आयोजकों ने नगरवासियों से भी अपील की है कि वे 25 सितंबर को सुबह 11 बजे सरस्वती शिशु मंदिर गंडई पहुंचकर सामूहिक वंदे मातरम् गायन में सहभागी बनें।



