
नाबालिगों को धारदार हथियार बेचने और संदिग्ध परिस्थितियों में धार करने वालों पर भी होगी वैधानिक कार्रवाई
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस ने अवैध हथियार, चाकू-छुरी एवं अन्य धारदार हथियारों के बिक्री, उपयोग और दुरुपयोग के विरुद्ध विशेष जागरूकता एवं समझाइश अभियान चलाया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, उनका प्रदर्शन करने अथवा आमजन में भय का वातावरण निर्मित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के नाबालिग बच्चों एवं युवाओं को समझाइश देते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के चाकू-छुरी अथवा अन्य धारदार हथियार अपने पास न रखें और न ही इन्हें लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमें। उन्हें हथियारों के दुरुपयोग से होने वाले विवाद, मारपीट एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं के संभावित परिणामों की जानकारी देते हुए अपराध से दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस ने हार्डवेयर एवं बर्तन दुकानदारों से संपर्क कर चाकू, छुरी एवं अन्य धारदार वस्तुओं की बिक्री के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। नाबालिगों, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा ऐसी वस्तुओं की मांग किए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई।
इसी क्रम में चाकू-छुरी में धार करने वाले कारीगरों, वेल्डिंग, फैब्रिकेशन एवं संबंधित दुकानदारों को भी विशेष हिदायत दी गई है। पुलिस ने कहा कि यदि कोई नाबालिग अथवा संदिग्ध व्यक्ति चाकू, छुरी या किसी अन्य हथियारनुमा वस्तु में धार कराने, निर्माण कराने अथवा मरम्मत कराने पहुंचता है तो उसकी गतिविधि पर विशेष ध्यान रखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों एवं संबंधित व्यवसायियों को बताया कि नाबालिगों के हाथों में धारदार हथियार पहुंचना भविष्य में विवाद, आपसी मारपीट, भय का वातावरण एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं का कारण बन सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यवसायी को अपनी सामाजिक एवं कानूनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए ऐसी वस्तुओं की बिक्री, धार करने अथवा निर्माण के दौरान आवश्यक सावधानी बरतनी चाहिए।
खैरागढ़ पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखने, हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा उनके दुरुपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए अपराधों की रोकथाम एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


