
जिले के 08 स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी गई जानकारी
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के तृतीय सप्ताह का जिलेभर में प्रभावी एवं निरंतर संचालन किया जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को जिले के 08 विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने चौक-चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद कर साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए हथकंडों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, पुलिस/CBI/ED अधिकारी बनकर किए जाने वाले फर्जी कॉल, वीडियो कॉल के माध्यम से धमकी, OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के जोखिम के बारे में विस्तार से समझाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। ऐसे किसी भी फोन कॉल या वीडियो कॉल से घबराने के बजाय तत्काल सतर्कता बरतें और किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला पुलिस का यह अभियान नागरिकों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा वरिष्ठ नागरिकों सहित आमजन को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
KCG Police का संदेश — “जागरूक नागरिक, सुरक्षित समाज।”


