
राज नेशनल न्यूज़ गंडई/खैरागढ़ : रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अनोखी पहल की। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देशानुसार संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिले में विशेष ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आम नागरिकों, विशेषकर भाई-बहनों एवं युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर अपराधों से स्वयं के साथ-साथ परिवार को सुरक्षित रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान फर्जी गिफ्ट लिंक, लॉटरी एवं इनाम के झांसे, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी तथा संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने भाई-बहनों से अपील की कि इस रक्षाबंधन पर एक-दूसरे की साइबर सुरक्षा का संकल्प लें और अपने परिवार व परिचितों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
KCG पुलिस ने जिलेवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सतर्क, सुरक्षित एवं साइबर जागरूक रहने की अपील की।



