
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जमीन संबंधी विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम मालूद निवासी मन्नूराम वर्मा (58) ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त 2026 को जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपियों ने उसके और परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान टांगीया और सब्बल का इस्तेमाल किया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया। प्रार्थी, आहत एवं गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने कमल वर्मा (40) पिता मनोहर वर्मा और मनोहर वर्मा (60) पिता स्व. विसाहू वर्मा, दोनों निवासी ग्राम मालूद, थाना खैरागढ़, को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी एवं सब्बल भी जब्त किए गए।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उन्हें जेल दाखिल करने का आदेश दिया। मामले में पुलिस की विवेचना एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस की अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जमीन अथवा अन्य किसी विवाद का समाधान कानून हाथ में लेकर न करें। विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित सक्षम न्यायिक एवं प्रशासनिक माध्यम से सहायता लें।



