राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : केजऊ राम चौरे हाई स्कूल कुर्रूभाट में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला पंचायत के पूर्व सभापति विप्लव साहू उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ शिक्षिका समृद्धि तिवारी द्वारा प्रस्तुत मधुर ‘मातृभूमि वंदना’ से हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विप्लव साहू ने शिक्षा और सामाजिक सुधार के गहरे संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “एक स्कूल खोलने वाला एक जेल बंद करता है।” उन्होंने कहा कि जब कोई समाज शिक्षा का दीप जलाता है, तो अज्ञानता और अपराध का अंधेरा स्वतः समाप्त होने लगता है। स्कूल केवल ईंट-पत्थरों का भवन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और आदर्श नागरिक तैयार करने की प्रयोगशाला है। शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास से युवा पीढ़ी सही मार्ग पर आगे बढ़ती है, जिससे समाज में अपराध और वैमनस्य के लिए स्थान कम होता है।
उन्होंने विद्यालय के डायरेक्टर सुरेश चौरे के कुशल नेतृत्व एवं पूरे स्टाफ के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक छगन भगत ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। नवोदय, प्रयास, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष, कन्या परिसर, आरएमएस, श्रेष्ठा और सैनिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संस्थानों में दर्जनों विद्यार्थियों का चयन विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च भगत सिंह के शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में चयनित 10 बच्चों को पूर्णतः निशुल्क प्रवेश एवं सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। साथ ही आगामी सत्र से विद्यार्थियों को NEET और IIT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. पप्पूसिंह राजपूत, डॉ. भोला साहू, चुरावन सिंह, तुलसी कंवर, प्रमोद धनकर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। समारोह का सफल मंच संचालन तुलेंद्र केलकर ने किया।



