
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 20 सितंबर 2026// सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं लोगों के जीवन में बदलाव की नई राह खोल रही हैं। खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 04 निवासी श्री धृतेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घर में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया। योजना का लाभ मिलने के बाद उनके परिवार के बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।
सोलर संयंत्र लगने से पहले धृतेंद्र सिंह के घर का मासिक बिजली बिल लगभग 8 से 10 हजार रुपये तक आता था। सौर ऊर्जा संयंत्र शुरू होने के बाद उनके बिजली बिल में करीब 60 प्रतिशत तक की कमी आई है। अब उन्हें प्रतिमाह लगभग 3 से 4 हजार रुपये का बिजली बिल प्राप्त हो रहा है। इससे परिवार को हर महीने बिजली खर्च में आर्थिक राहत मिल रही है।
योजना के तहत सौर संयंत्र की स्थापना के लिए धृतेंद्र सिंह को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी का लाभ मिला है। सब्सिडी की राशि उनके खाते में प्राप्त हो चुकी है। योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को अपनाने से उन्हें बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग का अवसर भी मिला है।
धृतेंद्र सिंह का अनुभव सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘बदलाव की कहानी’ को सामने लाता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से उनके परिवार ने पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करते हुए सौर ऊर्जा को अपनाया है। यह बदलाव परिवार के लिए आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण हित में भी एक सकारात्मक कदम है।



