KCGखास खबरछत्तीसगढ़

लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण और विवेचना की गुणवत्ता पर आईजी ने दिया जोर

घाघरा कैम्प का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया वृक्षारोपण

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने मंगलवार को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ पुलिस कार्यों की समीक्षा की और कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने लंबित अपराध, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचना में गुणवत्ता बनाए रखने, साक्ष्यों के वैज्ञानिक तरीके से संकलन, आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई तथा न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करने तथा क्षेत्र में सतत पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

घाघरा कैम्प का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान आईजी अजय कुमार यादव ने घाघरा कैम्प का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों एवं जवानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा को लेकर अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस को संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया वृक्षारोपण
भ्रमण के दौरान आईजी अजय कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button