KCGखास खबरछत्तीसगढ़

पॉलीगॉन सर्वे कार्य में सटीकता और गुणवत्ता सुनिश्चित करें, निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण : कलेक्टर

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल ने जिले में संचालित पॉलीगॉन सर्वे कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए खैरागढ़ और छुईखदान तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खैरागढ़ तहसील के ग्राम केराबोरी तथा छुईखदान तहसील के ग्राम गोपालपुर पहुंचकर पीवी ऐप के माध्यम से किए जा रहे पॉलीगॉन सर्वे कार्य का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सर्वे कार्य पूरी सटीकता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से करते हुए निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंद्रावल ने पॉलीगॉन सर्वे की प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सर्वे के दौरान भूमि एवं खसरा संबंधी विवरणों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए तथा पीवी ऐप में दर्ज की जाने वाली जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति की संभावना नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए मैदानी स्तर पर प्रत्येक कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि पॉलीगॉन सर्वे राजस्व अभिलेखों एवं भूमि संबंधी जानकारी को व्यवस्थित और सटीक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। इसके माध्यम से भूमि की वास्तविक स्थिति एवं सीमाओं से संबंधित जानकारी को डिजिटल स्वरूप में व्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान तकनीकी प्रक्रियाओं एवं निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में भूमि संबंधी अभिलेखों के उपयोग में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

कलेक्टर चंद्रावल ने दोनों तहसीलों में सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीवी ऐप के माध्यम से पॉलीगॉन तैयार करते समय संबंधित खसरों एवं भूमि की सीमाओं का सही मिलान किया जाए। सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा विसंगति सामने आने पर उसका समय रहते निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने राजस्व अधिकारियों एवं संबंधित मैदानी कर्मचारियों को सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि सर्वे कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक स्तर पर जानकारी की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने खैरागढ़ एवं छुईखदान तहसील में पॉलीगॉन सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

Related Articles

Back to top button