
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 12 नवंबर 2026 : जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत जिला मुख्यालय के स्वर्गीय लाल दिलीप सिंह मंगल भवन में जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। आदिवासी संस्कृति, लोक कला और परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में ग्राम कोदवा, गंडई के ‘जय बूढ़ादेव कर्मा नृत्य दल’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महोत्सव में जिले के विभिन्न अंचलों से आए चार आदिवासी नर्तक दलों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोक वाद्ययंत्रों की थाप पर जनजातीय नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें आदिवासी समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और लोकजीवन की गहरी झलक देखने को मिली। उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला ने बताया कि निर्णायक मंडल ने कलात्मकता, पारंपरिक स्वरूप और प्रस्तुति के आधार पर जय बूढ़ादेव कर्मा नृत्य दल, ग्राम कोदवा को प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया है। यह विजेता दल 13 नवंबर 2026 को रायगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, जनजातीय समाज के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।



