
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : ऑनलाइन गैंबलिंग एवं सट्टा संचालन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपी राहुल देवांगन से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2021 से वह मुंबई के पलावा सिटी स्थित फ्लैट से ऑनलाइन गैंबलिंग पैनल संचालित कर रहा था। लगभग छह माह पूर्व वह अपने ग्राम कुंरा, थाना धरसींवा (छ.ग.) आकर “शिवा बुक” एवं “जयराम बुक” नामक ऑनलाइन गैंबलिंग पैनलों का संचालन करने लगा।
जांच में यह भी सामने आया कि छत्तीसगढ़ में पैनल संचालन के लिए राहुल देवांगन ने तिल्दा निवासी तरुण वर्मा से संपर्क कर “शिवा बुक” एप्लिकेशन का पैनल खरीदा था। पैनल संचालन के एवज में तरुण वर्मा को कुल कारोबार का 10 प्रतिशत कमीशन प्राप्त होता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे विभिन्न यूपीआई खातों के माध्यम से अब तक लगभग 8 से 10 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त हुए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि वह राहुल देवांगन से मुख्यतः व्हाट्सएप लिंक एवं मैसेज के माध्यम से संपर्क में रहता था। गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से उसने ऑनलाइन गैंबलिंग में प्रयुक्त अपना मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था। हालांकि, उसके कब्जे से बरामद HP लैपटॉप की जांच में ऑनलाइन गेमिंग एवं गैंबलिंग से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए।
आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, बैंक पासबुक तथा विभिन्न बैंक कार्ड जप्त किए गए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत दिनांक 18.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। दिनांक 19.07.2026 को न्यायालय में प्रस्तुत करने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जिला केसीजी पुलिस टीम की अपील
ऑनलाइन गैंबलिंग एवं सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



