KCGखास खबरछत्तीसगढ़

जनपद सीईओ के मार्गदर्शन मे छुईखदान के झिरिया में वृक्षारोपण का महाअभियान

ग्रामीणों के श्रमदान से तालाब-नालों के किनारे लगाए गए लगभग 500 पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ 10 जुलाई 2026//  “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए जनपद पंचायत छुईखदान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत देवरचा के आश्रित ग्राम झिरिया में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत तालाब, नालों एवं अन्य जल संरचनाओं के आसपास लगभग 500 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की विशेषता ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। ग्रामवासियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए पौधारोपण किया तथा प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधे लगाकर हरित और स्वच्छ ग्राम निर्माण का संदेश दिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। पौधे तभी सार्थक होंगे जब उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। सामूहिक जनभागीदारी ने यह संदेश दिया कि प्रकृति के संरक्षण का दायित्व केवल शासन का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का है।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, कार्यक्रम अधिकारी, एडीईओ, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-संवेदनशील गांव के निर्माण का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button