
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के अंतिम सप्ताह में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं और स्थानीय कार्यक्रमों में पहुँचकर पंच, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करते हुए OTP, ATM या बैंक संबंधी विवरण, UPI PIN और पासवर्ड किसी से भी साझा न करने की सख्त सलाह दी गई। इसके साथ ही अनजान ऑडियो व वीडियो कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी नौकरी के लुभावने ऑफर, फिशिंग लिंक और सोशल मीडिया पर होने वाली ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा अपने संबंधित बैंक को तुरंत सूचित करें।
जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुँचाकर एक सजग और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।



