KCGखास खबरछत्तीसगढ़

कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 12 अगस्त 2026// कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निराकरण की गति बढ़ाए।

सेवा सेतु के लंबित आवेदनों की तहसीलवार समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल पर दर्ज समय-सीमा के लंबित आवेदनों की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लंबित आवेदनों की संख्या, उनकी स्थिति तथा निराकरण में आ रही कठिनाइयों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए और पात्र हितग्राहियों को समय पर सेवाओं का लाभ मिले।

कलेक्टर ने सेवा सेतु में लंबित आवेदनों के संबंध में संबंधित सचिवों से भी जानकारी ली और कहा कि आवेदन लंबित रहने के कारणों की समीक्षा कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए आवेदन प्रक्रिया और निराकरण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण बढ़ाने पर जोर

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिक संख्या में लंबित आवेदनों वाले विभागों की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतों के निराकरण की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।

नियद नेल्लानार और एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन की समीक्षा

कलेक्टर ने बैठक में नियद नेल्लानार योजना तथा एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा पोर्टल पर आवश्यक जानकारी समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से संबंधित आम नागरिकों के प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए पुराने मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए।

अटल मॉनिटरिंग पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल पर विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक विभाग की योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए जहां प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए तथा प्रगति का प्रतिशत बढ़ाया जाए।

14 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

बैठक में आगामी 14 अगस्त को आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि जिले में हर घर तिरंगा, भारत विभाजन की विभीषिका और वंदे मातरम् से संबंधित जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में भी निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से अवगत कराया जाए। कार्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ई-ऑफिस की समीक्षा, सभी विभागों की ऑनबोर्डिंग पूर्ण करने के निर्देश

बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जानकारी ली कि किन-किन विभागों द्वारा अभी तक ई-ऑफिस की आईडी तैयार नहीं की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे सभी विभागों की आईडी शीघ्र बनवाने तथा आवश्यक ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग लंबित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कर ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों का संचालन सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने बैठक के अंत में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, समय-सीमा के प्रकरणों, जनशिकायतों और विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाएं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का समय पर लाभ दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में प्रमुख रूप से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button