
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिले में अवैध प्रवासियों की पहचान एवं बाहरी राज्यों से आकर निवासरत/कार्यरत व्यक्तियों के दस्तावेजों के सत्यापन के संबंध में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर जांच एवं सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में BBC राइस मिल में पुलिस टीम द्वारा पहुंचकर वहां कार्यरत दीगर राज्यों से आए कर्मचारियों/श्रमिकों का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी, स्थायी एवं वर्तमान निवास, कार्यस्थल तथा संबंधित पहचान दस्तावेजों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
पुलिस टीम द्वारा कर्मचारियों के आधार कार्ड/अन्य पहचान पत्र एवं उपलब्ध आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन कर उनकी जानकारी का सत्यापन किया गया। साथ ही राइस मिल प्रबंधन से बाहरी राज्यों से आने वाले कर्मचारियों/श्रमिकों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं अभिलेख उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया।
सत्यापन का उद्देश्य बाहरी राज्यों से आकर जिले में निवास एवं कार्य करने वाले व्यक्तियों की पहचान एवं दस्तावेजों का सत्यापन कर कानून-व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखना है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि वैध दस्तावेजों के साथ कार्यरत श्रमिकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा, जबकि दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी अथवा संदिग्ध तथ्य पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा आम नागरिकों एवं औद्योगिक/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने यहां कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों एवं श्रमिकों का आवश्यक पहचान एवं पते का सत्यापन कराएं समाधान ऐप्प का उपयोग करे तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस द्वारा जिले में इस प्रकार का सत्यापन अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।



