राज नेशनल न्यूज़ रायपुर : मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए “एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट (Extremely Severe Alert)” जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों के कुछ स्थानों पर तेज गरज-चमक, बिजली गिरने तथा मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
जिन जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है उनमें बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी), कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा शामिल हैं।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। गरज-चमक के समय खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें। किसान भी खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा वाहन चालक बारिश और तेज हवा के दौरान सतर्कता से वाहन चलाएं।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी ताज़ा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। विशेष रूप से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) सहित प्रभावित जिलों के नागरिकों को अगले कुछ घंटों तक अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है।



