
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ // सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा खैरागढ़ स्थित सांस्कृतिक भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक डॉ. बिशेसर साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शशांक ताम्रकार एवं संजय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों तक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से राशन कार्ड से संबंधित सेवाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी नागरिकों को दी जा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि राशन कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए आवश्यकता के अनुसार शिविर आयोजित कर नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
फूड इंस्पेक्टर विनोद सागर ने खाद्य विभाग की सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नए राशन कार्ड के लिए नागरिक स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने राशन कार्ड से संबंधित प्रक्रिया, आवेदन के माध्यम और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में नागरिकों को दी गई विभागीय जानकारी
कार्यक्रम के दौरान खाद्य विभाग की विभिन्न सेवाओं से संबंधित जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई। राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन तथा सीएससी के माध्यम से आवेदन सहित विभागीय सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पहुंच को सुगम बनाना रहा।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन बैदनाथ वर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी देवेंद्र बग्गा, सहायक संचालक सचिन मरकाम, संजय ठाकुर, दीपक धनकर, भुनेश्वर चेलक, विनोद सागर, मनीष ध्रुव, डालेश्वरी, रामकुमार धुर्वे, प्रेमचन्द सेन, अशोनन्द सिन्हा, राजेन्द्र देवांगन, नरेंद्र सेन एवं खुमान साहू सहित खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



