स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से जगाई जागरूकता
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / पैलीमेटा : मेरा युवा भारत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में नेशनल यूथ वालिंटियर (NYV) शिवकुमार गात्रेकर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत हाईस्कूल पैलीमेटा में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री ज्योतिबा फुले के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पैलीमेटा के चिकित्सक उपेंद्र नाथ ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज साहू तथा विद्यालय के प्राचार्य निरंजन साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पौधारोपण, रक्तदान, पोषण एवं व्यक्तिगत व सार्वजनिक स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता विषय पर आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र बनाकर लोगों का ध्यान स्वच्छता की ओर आकर्षित किया। इस दौरान ‘स्वच्छ भारत बनाने के लिए हम सबकी जिम्मेदारी’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्वाति नागवंशी, द्वितीय स्थान रौशनी और तृतीय स्थान सुमन धुर्वे ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।



