खास खबरछत्तीसगढ़राजनांदगाव

मितानिन कार्यक्रम के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन, करीब 200 मितानिनों का हुआ सम्मान

राज नेशनल न्यूज़ राजनांदगांव : मितानिन कार्यक्रम के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम हल्दी में जिला स्तरीय मितानिन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मितानिन कार्यक्रम की 25 वर्षों की उपलब्धियों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में मितानिनों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाली लगभग 200 मितानिन प्रशिक्षकों एवं एमटी दीदियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। इस दौरान मितानिनों के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को विशेष रूप से सराहा गया।

सम्मेलन में बताया गया कि मितानिन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण संपर्क सूत्र के रूप में कार्य कर रही हैं। विशेष रूप से गर्भवती माताओं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता तथा विभिन्न संक्रामक एवं गैर-संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाने में मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कार्यक्रम में मितानिनों के 25 वर्षों के संघर्ष, सेवा और उपलब्धियों को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई। सम्मेलन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका को सम्मान देना तथा उनके उत्साह और कार्यक्षमता को और अधिक मजबूत करना रहा।

Related Articles

Back to top button