राज नेशनल न्यूज़ रायपुर : राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिगत गिनती और आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर राजधानी के फूल चौक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ‘अखिल भारतीय जातिगत जनगणना समन्वय समिति (छत्तीसगढ़ प्रदेश)’ के बैनर तले हुए इस आयोजन में प्रदेश भर से आए विभिन्न ओबीसी संगठनों के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 नवंबर को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने वाले विशाल आंदोलन में छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में लोग शिरकत करेंगे।
बैठक में मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य डॉ. पुष्पराज सिंह ने आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज की एकजुटता समय की सबसे बड़ी मांग है। कार्यक्रम का संयोजन इंजी. रामजी सिंह कबीर ने किया। इस दौरान नारायण पटेल, आरपी साहू, कल्याण सिंह और हेमराज सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर अपने विचार रखते हुए स्पष्ट किया कि बिना सटीक आंकड़ों के पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए प्रभावी नीतियां बनाना संभव नहीं है।
इस अवसर पर विप्लव साहू ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपने व्यक्तित्व के विकास के लिए समान अवसर और समान ‘स्टार्टिंग लाइन’ मिलनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने के समान मौके मिलेंगे, तभी हर व्यक्ति अपनी पूरी उत्पादक क्षमता के साथ देश के विकास में योगदान दे सकेगा और भारत सही मायनों में विकसित राष्ट्रों की पंक्ति में खड़ा हो पाएगा।
आयोजकों के अनुसार, 28 नवंबर के दिल्ली आंदोलन में देश के करीब 24 राज्यों से ओबीसी समाज व अन्य वर्गों के हजारों प्रतिनिधि जुटेंगे। इसमें केंद्र सरकार के समक्ष राष्ट्रीय जनगणना में पिछड़े वर्ग की जातिगत गणना करने की पुरजोर मांग रखी जाएगी, ताकि शिक्षा, रोजगार और अन्य सभी क्षेत्रों में जनसंख्या के अनुपात में उचित अवसर मिल सकें।
बैठक में ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष खिलेश्वरी साहू, छत्तीसगढ़ सर्व ओबीसी संघर्ष समिति (कांकेर बस्तर संभाग) से टिकेश्वरी सिन्हा, ओबीसी संगम छत्तीसगढ़ से विष्णु बघेल, अंबिकापुर से नरेश रजवाड़े, बिलासपुर से बृजेश साहू व श्याममुरत कौशिक, खैरागढ़ से प्रो. हेमलाल कौशिक और मानपुर से एड. महेंद्र कुमार साहू शामिल हुए। इनके अलावा रामलाल गुप्ता, गौतम दास साहू, महेश गौरव, पं. जी.पी. साहू, डॉ. नरेश कुमार साहू, डॉ. रविन्द्र बघेल, पार्वती साहू, पंचम साहू, भगवती सोनकर, विद्या सिन्हा, कांति मौर्या और बीरेंद्र निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



