कृषक उन्नति योजना के तहत मिलेगी प्रति एकड़ 10 हजार रुपये की आदान सहायता, छुईखदान में चार खरीदी केंद्र प्रस्तावित
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : किसानों की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य शासन द्वारा कोदो-कुटकी की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की विशेष पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित एवं सुनिश्चित मूल्य दिलाना है। इसके अतिरिक्त, कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत कोदो-कुटकी की खेती करने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि भी प्रदान की जा रही है।
कृषि विभाग के उप संचालक चित्रांगद ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि समर्थन मूल्य पर फसल बेचने और कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए सेवा सहकारी समितियों में पंजीयन कराना अनिवार्य है। शासन ने किसानों की सुविधा के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 दिसंबर 2026 कर दी है। किसान इस निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
छुईखदान विकासखंड में चार नए खरीदी केंद्र प्रस्तावित
जिले के छुईखदान विकासखंड के वनांचल व दूरस्थ क्षेत्रों में किसानों द्वारा बड़े पैमाने पर कोदो-कुटकी का उत्पादन किया जा रहा है। इन किसानों को उपज बेचने में सहूलियत देने के लिए बकरकट्टा, नचनिया, ठाकुरटोला और पाटा (मोथली) को खरीदी केंद्र बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही इन केंद्रों के माध्यम से खरीदी शुरू कर दी जाएगी।
डिजिटल पंजीयन और गिरदावरी अनिवार्य
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए एग्रीस्टेक, एकीकृत किसान पोर्टल और डिजिटल गिरदावरी प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। किसानों को समय-सीमा के भीतर सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से पोर्टल पर अपनी भूमि और बोई गई फसल का ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा।
फसल प्रविष्टि में किसी भी प्रकार के संशोधन या पंजीयन से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।



