KCGखास खबरछत्तीसगढ़

खैरागढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 26वां राज्योत्सव, ‘सशक्त नारी और युवा उड़ान’ का संकल्प

​खैरागढ़, 02 नवंबर 2026: संगीत नगरी खैरागढ़ में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की भावना के साथ 26वां राज्योत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने की। इस अवसर पर सजी विभागीय प्रदर्शनियों, शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्थानीय प्रतिभाओं के सम्मान ने जिले की विकास यात्रा और लोकसंस्कृति की अनूठी तस्वीर पेश की।

जनकल्याण और विकास के संकल्प को साकार कर रही सरकार: मंत्री दयालदास बघेल

​मुख्य अतिथि दयालदास बघेल ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण से छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में खाद्य सुरक्षा और किसान कल्याण के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वर्तमान सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

​उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियानों की सराहना की। संगीत, कला और संस्कृति के केंद्र के रूप में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह नया जिला एक विकसित और सशक्त जिले के रूप में उभरेगा।

​विकसित छत्तीसगढ़ के साथ एक विकसित जिले का लक्ष्य: विक्रांत सिंह

​कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विजन के अनुरूप खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को भी एक विकसित जिला बनाना हम सबका साझा संकल्प होना चाहिए।

​शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को मिल रही गति: कलेक्टर

​कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में जिले की विशिष्ट पहचान, उपलब्धियों और विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

​प्रदर्शनी का अवलोकन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मंत्री श्री बघेल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का बारीकी से अवलोकन किया। समारोह के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों ने गीत, नाटक, सामूहिक व एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति से सजी इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और हरियाली के प्रतीक पौधे भेंट कर किया गया।

​इस आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, घम्मन साहू, डॉ. बिसेसर साहू, तीरथ चंदेल, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, अरुणा राजू सिंह बनाफर, भुनेश्वरी जीवन देवांगन, नीलिमा महेश गोस्वामी, कीर्ति वर्मा, जनपद सदस्य खेमराज जैन, गोरेलाल वर्मा, डॉ. शैलेंद्र त्रिपाठी, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, अनूप वर्मा, विनय देवांगन, अय्यूब सोलंकी, सुनील यादव, कांता यादव, सूर्यदमन सिंह, जीवन देवांगन और अनुज देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

​इसके अलावा पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम अविनाश सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश दांडे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र देवांगन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महदीप जंघेल ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button