राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिले में निर्यात को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों को निर्यात की प्रक्रियाओं एवं संभावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खैरागढ़–छुईखदान–गंडई द्वारा RAMP योजना के अंतर्गत निर्यात प्रोत्साहन एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे जिला पंचायत कार्यालय, खैरागढ़ के सभाकक्ष ‘मैकल सदन’ में होगी।
कार्यशाला में उद्यमियों को निर्यात प्रक्रिया, आयातक–निर्यातक कोड (IEC), स्टार्टअप नीति, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) तथा कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जिले के स्थानीय उत्पादों के लिए निर्यात की संभावनाओं और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने पर चर्चा की जाएगी।
इस आयोजन के माध्यम से उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने तथा निर्यात से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलेगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने जिले के उद्यमियों एवं संबंधित हितधारकों से कार्यशाला में सहभागी होकर जानकारी का लाभ लेने की अपील की है।



