
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 7 अक्टूबर 2026 // सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग—संकल्प की रंगोली’ का भव्य आयोजन नगर पालिका सांस्कृतिक भवन, खैरागढ़ में किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार की गई इस विशाल रंगोली में विगत 25 वर्षों की विकास यात्रा को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से जीवंत रूप दिया गया। शिक्षा, अधोसंरचना, सामाजिक विकास, संस्कृति तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को रंगोली के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जांजगीर लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने की। इस अवसर पर नगर पालिका खैरागढ़ अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, वरिष्ठ नागरिक विशेषर साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा किया गया। इसके बाद अतिथियों ने रंगोली का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। रंगोली में विकास के विभिन्न आयामों को विषयवार एवं आकर्षक रूप से उकेरा गया था। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, मेहनत और सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष बनाया।
मुख्य अतिथि कमलेश जांगड़े ने रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच के माध्यम से विकास की तस्वीर को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और डॉक्टर, इंजीनियर सहित अपनी रुचि के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि ‘संकल्प की रंगोली’ केवल रंगों की कलात्मक प्रस्तुति नहीं, बल्कि विकास और सेवा की भावना को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से 25 वर्षों की विकास यात्रा को जिस तरह प्रस्तुत किया है, वह उनकी प्रतिभा और सामाजिक सरोकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विकास की प्रक्रिया से जुड़ने और अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस आयोजन के लिए उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को नोडल विभाग बनाया गया था। रंगोली का निर्माण रानी देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़, नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ तथा राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के संयुक्त प्रयास से किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर रंगोली की परिकल्पना से लेकर निर्माण तक सक्रिय सहभागिता निभाई।
रंगोली में शिक्षा के विस्तार, अधोसंरचना के विकास, सामाजिक क्षेत्र में हुए कार्यों, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न विकास उपलब्धियों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया। अलग-अलग रंगों और आकृतियों के माध्यम से विकास के विविध पक्षों को इस तरह उकेरा गया कि यह प्रस्तुति देखने वाले नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा विभाग के समन्वय तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम ने सेवा, विकास और जनभागीदारी के संदेश को रचनात्मक रूप प्रदान किया। विशाल रंगोली ने न केवल विद्यार्थियों की कला एवं प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि विकास यात्रा को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी बनी।


