KCGखास खबरछत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर केसीजी में जिला स्तरीय आयोजन: 200 से अधिक बुजुर्गों का सम्मान, 4 बैटरी चलित ट्राइसिकल, छड़ी एवं श्रवण यंत्र वितरित

स्वास्थ्य जांच के साथ साइबर सुरक्षा की भी दी गई जानकारी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 1 अक्टूबर 2026: भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 200 से अधिक वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, जरूरतमंद बुजुर्गों को 4 बैटरी चलित ट्राइसिकल, छड़ी एवं श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।

​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, वरिष्ठ नागरिक डॉ. बिसेसर साहू, समाजसेवी विकेश गुप्ता, गोरेलाल वर्मा, अय्यूब सोलंकी, मनजीत सिंह सहित कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, सहायक संचालक समाज कल्याण कमलेश कुमार पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

​वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर : विक्रांत सिंह

मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत आधार तैयार किया है। उनका अनुभव और ज्ञान सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। वृद्धजनों के साथ प्रेम, सम्मान और विनम्रता से व्यवहार करना तथा उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

​वृद्धजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध जिला प्रशासन : कलेक्टर

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और ज्ञान नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का आधार है। समाज का दायित्व है कि वृद्धजनों को सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और आत्मीयता मिले। जिला प्रशासन उनके कल्याण एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। अन्य अतिथियों ने भी वृद्धजनों के अधिकारों और सुरक्षा पर अपने विचार व्यक्त किए।

​स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड और नेत्रदान

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं जिला आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नेत्र विभाग ने सात लोगों की आंखों की जांच कर निःशुल्क चश्मे वितरित किए और सात लोगों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया। इसके अलावा 20 लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं और दो वृद्धजनों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर छुईखदान निवासी कोमल अग्रवाल एवं प्रभुराम वर्मा ने मरणोपरांत नेत्रदान करने की घोषणा की।

​साइबर सुरक्षा की जानकारी और मनोरंजक गतिविधियां

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा वृद्धजनों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अनजान संदेशों, संदिग्ध कॉल, ओटीपी और बैंक खातों की जानकारी साझा न करने की सलाह दी। कार्यक्रम में गीत-संगीत एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था भी की गई, जिसमें कई वृद्धजनों ने अपनी स्वरचित कविताओं व गीतों की प्रस्तुति दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button