KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा की कहानी : पोषण बाड़ी से तेजेश्वरी के जीवन में आया बदलाव

संतुलित आहार और घर की ताजी सब्जियों से स्वास्थ्य में सुधार, परिवार की पोषण जरूरतें हुईं पूरी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 29 सितम्बर 2026 // जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत संचालित खाद्य, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (एफएनएचडब्ल्यू) कार्यक्रम से कोहलाटोला गांव की तेजेश्वरी चंदेल के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

तेजेश्वरी चंदेल ॐ साई स्व सहायता समूह, फूलवारी ग्राम संगठन एवं विद्या संकुल संगठन से जुड़ी हैं। वे अपने पति ऋग्वेद चंदेल के साथ कृषि एवं सब्जी उत्पादन का कार्य करती हैं। पहले वे एनीमिया की समस्या से परेशान थीं। कमजोरी और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण उपचार पर खर्च भी करना पड़ता था।

एफएनएचडब्ल्यू मास्टर ट्रेनर के माध्यम से तेजेश्वरी को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन तथा आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाले रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थों के उपयोग की जानकारी मिली। उन्हें घर में पोषण बाड़ी विकसित करने के महत्व के बारे में भी बताया गया। कृषि सखी के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने घर में पोषण बाड़ी तैयार की।

अब पोषण बाड़ी में उगने वाली ताजी हरी एवं मौसमी सब्जियां उनके परिवार के भोजन का नियमित हिस्सा बन रही हैं। इससे भोजन में पोषण और विविधता बढ़ी है तथा बाजार से सब्जियां खरीदने पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है। नियमित पौष्टिक आहार अपनाने से तेजेश्वरी के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है।

बच्चे के स्वास्थ्य में भी आया सुधार

तेजेश्वरी का बच्चा पहले कमजोर और अक्सर बीमार रहता था। एफएनएचडब्ल्यू कार्यक्रम से मिली जानकारी के बाद उन्होंने बच्चे को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजना शुरू किया। यहां बच्चे को ताजा एवं गर्म पौष्टिक भोजन, नियमित वजन जांच और टीकाकरण की सुविधा मिल रही है। नियमित पोषण एवं देखभाल से बच्चे के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है।

तेजेश्वरी के लिए पोषण बाड़ी अब परिवार की पोषण जरूरतों को पूरा करने के साथ कृषि गतिविधियों में उनकी भागीदारी और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button