KCGखास खबरछत्तीसगढ़

लगातार बारिश के बीच गणेश विसर्जन में सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान

जिला प्रशासन की अपील—जलस्रोतों में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए बरतें अतिरिक्त सावधानी

खैरागढ़, 25 सितंबर 2026// जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और गणेशोत्सव समितियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण नदी, नाले, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों में जलस्तर बढ़ने तथा पानी के बहाव में बदलाव की संभावना को देखते हुए विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने कहा गया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित एवं सुरक्षित विसर्जन स्थलों पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें। जलस्रोतों के किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाएं और गहरे पानी में प्रवेश करने से पूरी तरह बचें। तेज बहाव वाले स्थानों, नदी-नालों के किनारों तथा फिसलन वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। बच्चों और बुजुर्गों को जलस्रोतों के पास अकेले न जाने दें।

गणेश विसर्जन के दौरान समितियों के स्वयंसेवक भीड़ को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में सहयोग करें। प्रतिमा विसर्जन के लिए जलस्रोत में उतरने के बजाय निर्धारित व्यवस्था का उपयोग किया जाए। बारिश के दौरान बिजली के तारों, फिसलन वाले रास्तों और जलभराव वाले क्षेत्रों से भी दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्ग का उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने कहा गया है। बारिश की स्थिति में दृश्यता कम होने और सड़क पर फिसलन बढ़ने के कारण वाहन चालकों से धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन ने गणेशोत्सव समितियों और नागरिकों से अपील की है कि आस्था और उत्साह के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें, लेकिन लगातार बारिश और बढ़े जलस्तर की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पूरी तरह पालन करें। सभी की सतर्कता और सहयोग से विसर्जन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button