गड्ढों में भरा पानी और कीचड़ से वाहन चालक परेशान, स्कूली बच्चों व अभिभावकों को भी हो रही दिक्कत
राज नेशनल न्यूज़ गंडई : क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते गंडई शहर की सड़कों की हालत बदहाल हो गई है। गंडई मेन चौक से लेकर पंडरिया दैहान चौक पंडरिया तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है। कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को इन गड्ढों से बचकर निकलना पड़ रहा है। सड़क के किनारे कीचड़ जमा होने से पैदल चलने वालों की परेशानी भी बढ़ गई है।
स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
सड़क की बदहाल स्थिति का असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी पड़ रहा है। सुबह के समय बारिश और कीचड़ के बीच बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है। सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहनों से बच्चों को स्कूल छोड़ने वाले अभिभावकों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। कई स्थानों पर वाहनों के गुजरने से कीचड़ उछलने की स्थिति भी बन रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर के प्रमुख आवागमन वाले मार्गों में शामिल है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं। लगातार बारिश के दौरान सड़क की खराब स्थिति और अधिक स्पष्ट हो जाती है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।
बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में राहत मिल सके।



