
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / गातापार : देवी दर्शन कर लौट रहे 55 वर्षीय गोविंद गोड़ जंगल में अचानक लापता हो गए, जिन्हें केसीजी (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई) पुलिस और सीएएफ (CAF) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल खोज निकाला। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों व साथियों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव जिले के ग्राम परसाही (चौकी मोहारा) निवासी गोविंद गोड़ पिता स्व. मिलन गोड़ अपने 9 अन्य साथियों के साथ बोलेरो वाहन से मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित लांजी देवी दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान शाम करीब 6:00 बजे गातापार थाना क्षेत्र के ग्राम घाघरा के पास जंगल में कुछ लोग लघुशंका के लिए वाहन से उतरे। बाकी साथी तो गाड़ी में बैठ गए, लेकिन गोविंद गोड़ वापस नहीं लौटे।
साथियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आसपास के घने जंगल में काफी खोजबीन की, परंतु उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रात लगभग 11:00 बजे मामले की जानकारी गातापार थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस और सीएएफ कैम्प ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना गातापार और सीएएफ कैम्प घाघरा की विशेष टीमों का गठन किया गया। रात में ही घाघरा के दुर्गम जंगल क्षेत्र में सघन चेकिंग व सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित प्रयासों के चलते गोविंद गोड़ को जंगल से सुरक्षित खोज निकाला गया।
पुलिस की अपील
केसीजी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। यदि यात्रा के दौरान कोई व्यक्ति गुम या लापता होता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते खोजबीन शुरू की जा सके।



