
साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह में जिलेभर में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के पांचवें सप्ताह की थीम “जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग से युवाओं को जागरूक करना” रही। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने युवाओं से प्रत्यक्ष संवाद कर फर्जी जॉब ऑफर, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग, इंटरव्यू एवं नियुक्ति के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के संबंध में जानकारी दी। युवाओं को ऐसे आकर्षक प्रलोभनों से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रमों में फर्जी वेबसाइट, ई-मेल, SMS, WhatsApp मैसेज एवं संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली फिशिंग से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने युवाओं से OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि किसी भी नौकरी संबंधी प्रस्ताव पर विश्वास करने या भुगतान करने से पहले संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट एवं अन्य विश्वसनीय माध्यमों से उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है।
साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए साइबर जागृति अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से जागरूक और सतर्क रहते हुए साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने की अपील की है।

