
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार छुईखदान : जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) केशवरी देवांगन ने ग्राम पंचायत खुड़मुड़ी एवं लांझियाटोला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों ग्राम पंचायतों में सचिव अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीईओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पंचायत कार्यालयों में संचालित शासकीय कार्यों, अभिलेखों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर शासन की योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात सीईओ केशवरी देवांगन ने लांझियाटोला स्थित शासकीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।


