
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय में 1000 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, OTP फ्रॉड, UPI एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध, साइबर ब्लैकमेलिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचने के आवश्यक सावधानियों एवं अपराध घटित होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “साइबर अपराधों की रोकथाम में जागरूकता एवं सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।” साइबर जागृति अभियान के माध्यम से जिले में अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।



