KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान-2026 : जिले में जलेंगे लगभग 2.75 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 15 सितंबर 2026// प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक एवं प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान को लेकर जिले में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसका उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लेने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाना है।

17 सितंबर को शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ प्रज्ज्वलित होंगे दीप

अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों तक दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, समर्पण और संकल्प का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

जिले में लगभग 2 लाख 75 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें नगर पालिका खैरागढ़ में 15 हजार, नगर पंचायत छुईखदान में 5 हजार, नगर पंचायत गंडई में 5 हजार तथा जिले की 221 ग्राम पंचायतों में 2 लाख 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

सेवा और जनभागीदारी आधारित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के साथ सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, महिला एवं युवा समूहों तथा सामाजिक संगठनों को अभियान की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विभागवार गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

अभियान के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभागों एवं स्थानीय निकायों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button