KCGखास खबरछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत 806 विद्यालयों में हुई ड्राइंग प्रतियोगिता

714 शासकीय और 92 अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 18 सितंबर 2026 :  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जिलेभर के विद्यालयों में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के 714 शासकीय और 92 अशासकीय विद्यालयों सहित कुल 806 विद्यालयों में एक साथ हुई इस गतिविधि में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कला-कौशल और विचारों को रंगों एवं रेखाओं के माध्यम से चित्रों में उकेरा।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि का जिले के सभी विद्यालयों में व्यवस्थित संचालन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों में शाला विकास समिति के अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ स्थानीय अतिथियों की उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए जा रहे चित्रों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों ने सेवा, समाज, पर्यावरण, शिक्षा और सकारात्मक सोच जैसे विषयों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर किया अवलोकन

जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार देवांगन ने मदराकुही स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर ड्राइंग प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए जा रहे चित्रों को देखा और उनसे संवाद कर उनके विचारों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

सहायक संचालक मनोहर चंदेल ने पूर्व माध्यमिक कन्या शाला खैरागढ़ एवं सेजेस खैरागढ़ में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं क्षेत्र संयोजक एवं सहायक नोडल अधिकारी बोधन जोशी ने हाईस्कूल अमलीपारा खैरागढ़ पहुंचकर प्रतियोगिता का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की सहभागिता का जायजा लिया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में एक साथ आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि से विद्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, कला प्रतिभा और सामाजिक भावनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। शिक्षकों, शाला विकास समिति के सदस्यों और अतिथियों की सहभागिता से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button