
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ / छुईखदान : विकासखंड छुईखदान के सेक्टर पैलीमेटा अंतर्गत ग्राम सुखतरा में नवनिर्मित पीएम जनमन आंगनबाड़ी केंद्र का विधिवत लोकार्पण एवं शुभारंभ ग्राम पंचायत के सरपंच चंद्र कुमार वर्मा द्वारा फीता काटकर किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग प्रीत राम खुटेल, परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, छुईखदान सुनील कुमार बंजारे, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक, ग्राम सचिव, पंचगण, सेक्टर पर्यवेक्षक खेमिन धुर्वे, श्रीमती लक्ष्मी सर्वा एवं माधुरी जगत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी सुनील कुमार बंजारे ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन की सराहना करते हुए कहा कि भवन की आकर्षक बाल पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण इसे जिले के सबसे सुंदर आंगनबाड़ी केंद्रों में शामिल करता है। उन्होंने इस उत्कृष्ट पहल के लिए ग्राम सरपंच चंद्र कुमार वर्मा एवं ग्रामवासियों को धन्यवाद एवं बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को वृक्षों के पर्यावरणीय एवं पोषण संबंधी महत्व से अवगत कराया गया। विशेष रूप से मुनगा (सहजन) की उपयोगिता बताते हुए कहा गया कि इसकी पत्तियां, फलियां एवं फूल आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन-ए एवं विटामिन-सी से भरपूर होते हैं, जो बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण में अत्यंत लाभकारी हैं। इसके साथ ही मुनगा एवं आम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण संवर्धन का संदेश दिया गया।
लोकार्पण उपरांत परियोजना अधिकारी द्वारा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उपस्थित जनसमुदाय को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जनजातीय समुदाय को संबोधित करते हुए सभी हितग्राहियों से आंगनबाड़ी केंद्र से नियमित रूप से जुड़े रहने तथा विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई रस्म भी संपन्न कराई गई तथा उनके स्वस्थ मातृत्व एवं स्वस्थ शिशु जन्म की मंगलकामनाएं की गईं।
ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



