
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़, 16 नवंबर 2026: कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने गंडई क्षेत्र के लिमो और सड़क अतरिया धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्र पहुंचे किसानों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुव्यवस्थित रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से कहा कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक हुई धान खरीदी, टोकन व्यवस्था और किसानों की संख्या की समीक्षा की तथा धान की गुणवत्ता, नमी की जांच और तौल में पूरी शुद्धता बरतने के निर्देश दिए।
धान के सुरक्षित भंडारण को लेकर कलेक्टर ने बोरियों की स्टेकिंग व्यवस्था का जायजा लिया और उन्हें नमी व संभावित बारिश से बचाने के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। इसके अलावा, केंद्रों पर किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने की छायादार व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।



