
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने एवं विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा थाना/चौकी प्रभारियों और विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) वितरित किए गए। पुलिस मुख्यालय द्वारा जिला केसीजी को उपलब्ध कराए गए 63 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से अब विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण, केस डायरी अपडेट, ऑनलाइन दस्तावेजों का अवलोकन तथा वरिष्ठ अधिकारियों को रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे।
मोबाइल डेटा टर्मिनल सामान्य स्मार्टफोन नहीं, बल्कि पुलिस कार्यों के लिए विशेष रूप से तैयार सुरक्षित डिजिटल उपकरण हैं। इनमें विभागीय एप्लीकेशन, सुरक्षित नेटवर्क तथा विवेचना संबंधी आवश्यक डिजिटल टूल उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो, दस्तावेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से अपलोड किया जा सकेगा, जिससे जांच में अनावश्यक विलंब कम होगा तथा साक्ष्यों का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित होगा।
यह आधुनिक तकनीक प्रभावी एवं जवाबदेह पुलिसिंग की आधारशिला है। स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल के उपयोग से विवेचक फील्ड में रहते हुए अधिक त्वरित, वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर सकेंगे। इससे अपराध अनुसंधान की गति एवं गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा आम नागरिकों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
वितरण कार्यक्रम में सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि मोबाइल डेटा टर्मिनल का प्रभावी उपयोग करते हुए डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण करें तथा तकनीक आधारित विवेचना को प्राथमिकता देकर प्रत्येक प्रकरण का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।कार्यक्रम में जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक उपस्थित रहे।



