
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : शहीद आरक्षक स्व. निकेश यादव के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए आज दिनांक 12 जुलाई 2026 को जिला पुलिस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीद को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा (IPS) द्वारा शहीद के परिजन से शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया तथा उनसे आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने आश्वस्त किया कि केसीजी पुलिस शहीद परिवार के साथ सदैव खड़ी है तथा आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद आरक्षक निकेश यादव की स्मृति में वृक्षारोपण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहीदों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा, कर्तव्यनिष्ठा तथा जनसुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शहीद परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



