
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए यातायात शाखा खैरागढ़ में POS (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन से ऑनलाइन चालान की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस व्यवस्था से अब वाहन चालकों को चालान की राशि जमा करने के लिए परेशानी नहीं होगी। वे मौके पर ही डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
मौके पर ही कर सकेंगे भुगतान
अब तक यातायात नियमों के उल्लंघन पर ऑफलाइन चालान की कार्रवाई की जाती थी। नई व्यवस्था के तहत POS मशीन से चालान काटने के बाद वाहन चालक मौके पर ही UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से राशि जमा कर सकेंगे। भुगतान के बाद चालान की रसीद तुरंत प्रिंट कर वाहन चालक को दी जाएगी।
इस व्यवस्था से चालानी कार्रवाई में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही वाहन चालक अपने चालान की जानकारी ऑनलाइन भी देख सकेंगे।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
POS मशीन से ऑनलाइन चालान की शुरुआत के साथ ही यातायात पुलिस ने शहर के चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को न बैठाएं और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
जिला केसीजी पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है।



