KCGखास खबरछत्तीसगढ़

ए-हेल्प पशु सखी प्रशिक्षण का सफल समापन, प्रशिक्षार्थियों को वितरित किए गए टूलकिट

राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), खैरागढ़ द्वारा ए-हेल्प (पशुधन स्वास्थ्य एवं विस्तार सेवाओं के लिए मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि) योजना अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय आवासीय पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पशुपालन, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण, पशुधन संवर्धन तथा ग्रामीण स्तर पर पशुपालकों को तकनीकी सहायता प्रदान करने संबंधी व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला परियोजना प्रबंधक, आजीविका मिशन (बिहान) उमेश कुमार तिवारी ने प्रशिक्षार्थियों को पशु सखी टूलकिट वितरित किए। उन्होंने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने तथा पशुधन विकास के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक, एसबीआई आरसेटी  सी. एस. ठाकुर ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पशु सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन विकास और पशुपालकों तक आवश्यक तकनीकी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एवं प्रशिक्षक डॉ. रामपाल टंडन ने प्रशिक्षण के दौरान प्रदान की गई तकनीकी जानकारियों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने की सलाह दी।
प्रशिक्षण के मूल्यांकन एवं प्रमाणीकरण की प्रक्रिया डॉ. निशा जैन (विषय विशेषज्ञ मूल्यांकनकर्ता) तथा  समीर कुंडु (उद्यमिता विकास कार्यक्रम मूल्यांकनकर्ता) द्वारा संपन्न की गई। कार्यक्रम में  ओम जी मिश्रा एवं अभिषेक तिवारी (प्रशिक्षक), संतोष कुमार कार्की (कार्यालय सहायक) सहित संस्थान के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफल कार्यजीवन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन आधारित आजीविका संवर्धन में उनके सक्रिय योगदान की शुभकामनाओं के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button