KCGखास खबरछत्तीसगढ़

शासकीय हाई स्कूल पैलीमेटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी

राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीतराम खुटेल के निर्देशन में शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल पैलीमेटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला सशक्तिकरण हब एवं मिशन वात्सल्य के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 181 के उपयोग एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से हिंसा या उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को एक ही स्थान पर आश्रय, परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सा सुविधा तथा पुलिस सहायता जैसी पांच महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, उज्ज्वला योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की पात्रता एवं लाभों की जानकारी भी दी गई। बाल विवाह निषेध के संबंध में जागरूक करते हुए समाज की सहभागिता पर भी बल दिया गया।

किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व, संतुलित आहार, कैंसर से बचाव तथा मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक एवं जागरूक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए बच्चों एवं महिलाओं से किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button