
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विश्व जनसंख्या दिवस एवं युवा कौशल दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मरकाम टोला में करियर गाइडेंस, काउंसलिंग एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान छात्राओं को उनकी रुचि, क्षमता एवं प्रतिभा के अनुरूप करियर चयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराते हुए भविष्य की योजनाओं के प्रति प्रेरित किया गया।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास
कार्यक्रम में आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रदर्शन करते हुए बालिकाओं को विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक तकनीकों और सावधानियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए मानसिक रूप से मजबूत बनने का संदेश दिया।
हेल्पलाइन सेवाओं और महिला सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा यातायात हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण निःशुल्क सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, कानूनी सहायता, अस्थायी आश्रय एवं पुलिस सहायता जैसी सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) से जिला मिशन समन्वयक वृंदा हनवत, जिला बाल संरक्षण इकाई से काउंसलर पूर्णिमा कचलामे एवं भारती चौबे तथा सखी वन स्टॉप सेंटर से पूर्णिमा जोशी उपस्थित रहीं। प्राचार्य, शिक्षकों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


