
राज नेशनल न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार खैरागढ़ : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत ग्राम पंचायत कटंगीकला में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छाग्रहियों के साथ संवाद कर गांव की स्वच्छता व्यवस्था का जमीनी स्तर पर अवलोकन किया। अधिकारियों ने घर-घर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण, स्वच्छता शुल्क संग्रहण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की।
संवाद के दौरान स्वच्छाग्रहियों ने बताया कि सप्ताह में दो बार गांव के प्रत्येक घर से कचरा संग्रहित किया जाता है तथा स्वच्छता शेड में उसका पृथक्करण किया जाता है। शासन के निर्देशानुसार चार प्रकार के कचरे के पृथक संग्रहण की व्यवस्था को भी चरणबद्ध रूप से लागू किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने स्वच्छाग्रहियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत की सरपंच जानकी साहू ने बताया कि ग्राम के 380 परिवारों में से 350 परिवार नियमित रूप से स्वच्छता शुल्क का भुगतान कर रहे हैं। इससे अब तक लगभग 52 हजार रुपये का यूजर चार्ज संग्रहित किया जा चुका है, जिसका उपयोग ग्राम की सफाई एवं स्वच्छता गतिविधियों के संचालन में किया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान 10 रुपये प्रतिमाह स्वच्छता शुल्क को बढ़ाकर 20 रुपये प्रतिमाह करने का प्रस्ताव रखा और बताया कि इसी राशि से स्वच्छाग्रहियों का मानदेय, कचरा संग्रहण, परिवहन एवं अन्य स्वच्छता गतिविधियों का संचालन किया जाता है। इस पर उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से 20 रुपये प्रतिमाह स्वच्छता शुल्क देने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में स्वच्छाग्रहियों ने कचरा संग्रहण वाहन में हॉर्न अथवा स्पीकर लगाने की मांग रखी, ताकि वाहन के गांव में पहुंचने की सूचना प्रत्येक परिवार तक समय पर पहुंच सके। इस पर अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही स्वच्छता शेड एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा भी दिलाया।
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि खैरागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायतें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्वच्छाग्रही, बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीम जनजागरूकता के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता शुल्क का नियमित भुगतान करने और स्वच्छता गतिविधियों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से “स्वच्छ गांव, स्वस्थ गांव और विकसित गांव” के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सीएससी संचालक से एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली। सीएससी संचालक ने बताया कि ग्राम के कुल 338 किसानों में से 284 किसानों का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है। 24 किसानों का निधन हो चुका है, जबकि शेष 30 किसान वर्तमान में गांव से बाहर होने के कारण पंजीयन नहीं करा सके हैं। अधिकारियों ने शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कुछ पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की जानकारी भी दी। इस पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने ग्राम सचिव को आवास सूची का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों की जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का परीक्षण किया जाए।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक बैद्यनाथ वर्मा, सरपंच जानकी साहू, पूर्व सरपंच तुलाराम साहू, सचिव रूपलाल श्रीवास, रोजगार सहायक टीकम वर्मा, स्वच्छाग्रही, बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



