हटाए गए नामों का दोबारा सत्यापन, नए एवं युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर
राज नेशनल न्यूज़ खैरागढ़ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य “हर पात्र मतदाता जोड़ा जाए और कोई अपात्र नाम मतदाता सूची में न रहे” है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा।
अभियान के दौरान SIR के समय हटाए गए नामों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। BLO को संबंधित मतदाताओं की ASD सूची उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके आधार पर वे घर-घर पहुंचकर यह जांच करेंगे कि संबंधित नाम नियमानुसार हटाया गया है अथवा किसी त्रुटि के कारण सूची से बाहर हुआ है। इसके साथ ही नए, युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जिन क्षेत्रों में दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चल रही है, वहां विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी और सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान की तैयारियां तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी BLO को संबंधित सूची के साथ सत्यापन कार्य के लिए तैयार रहने कहा गया है।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए CEO स्तर पर प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से विशेष शिविरों की संख्या एवं स्थान की जानकारी दी जाएगी। वहीं ERO द्वारा BLO की ब्रीफिंग कर उन्हें अभियान की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।
अभियान के दौरान मैदानी गतिविधियों की नियमित फोटो एवं वीडियो कवरेज भी की जाएगी। DEO, ERO एवं CEO के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स एवं यू-ट्यूब पर प्रतिदिन गतिविधियों को साझा किया जाएगा। प्रत्येक पोस्ट में संबंधित मतदान केंद्र, विधानसभा क्षेत्र एवं जिले का नाम अंकित किया जाएगा। साथ ही BLO एवं नए मतदाताओं के अनुभवों पर आधारित टेस्टिमोनियल वीडियो भी तैयार किए जाएंगे। CEO स्तर पर लगभग 200 सोशल मीडिया पोस्ट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें DEO एवं ERO स्तर की गतिविधियां भी शामिल रहेंगी।



